रुड़की। अंतिम संस्कार के लिए वाहन की उपलब्धता को लेकर लोगों को होने वाली परेशानी अब काफी हद तक दूर हो जाएगी। मालवीय चौक स्थित निर्वाण आश्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी की सांसद निधि से उपलब्ध कराई गई नई अंतिम यात्रा बस का सोमवार को लोकार्पण किया गया। करीब 30 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई इस बस का उद्घाटन राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी, रुड़की की मेयर अनीता देवी अग्रवाल और भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
अब तक निर्वाण आश्रम में केवल एक अंतिम यात्रा बस उपलब्ध थी। ऐसे में जब वह किसी अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार जाती थी, तो अन्य परिवारों को वाहन उपलब्ध होने तक इंतजार करना पड़ता था। नई बस के संचालन से अब एक साथ दो अंतिम यात्रा वाहन उपलब्ध रहेंगे, जिससे जरूरतमंद परिवारों को समय पर सुविधा मिल सकेगी और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया अधिक सुगम होगी।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने कहा कि दुख की घड़ी में लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसी उद्देश्य से यह बस उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व केवल विकास कार्य कराना ही नहीं, बल्कि समाज की आवश्यक जरूरतों को भी पूरा करना है। इस पहल से क्षेत्र के हजारों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।
मेयर अनीता देवी अग्रवाल ने कहा कि अंतिम यात्रा बस जैसी सुविधाएं समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। यह बस जरूरत के समय लोगों का सहारा बनेगी और परिजनों को सम्मानजनक ढंग से अंतिम संस्कार संपन्न कराने में मदद करेगी। वहीं भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि नगर में लंबे समय से दूसरी अंतिम यात्रा बस की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है।
कार्यक्रम में निर्वाण आश्रम के अध्यक्ष मनमोहन शर्मा, उपाध्यक्ष अशोक भूटानी, सचिव रमेश रावल, कोषाध्यक्ष डीपी सिंह सहित आश्रम के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाजसेवी मौजूद रहे।