विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधमसिंह नगर की ओर से ट्रांजिट कैंप स्थित राधा गोविंद मंदिर परिसर में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य लोगों को जनसंख्या नियंत्रण, महिला सशक्तिकरण, नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा और निःशुल्क कानूनी सहायता जैसी महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ममता पंत ने उपस्थित महिलाओं और पुरुषों को संबोधित करते हुए कहा कि जनसंख्या संतुलन बनाए रखना देश के सतत विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, घरेलू हिंसा, महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों और उनसे जुड़े कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से निःशुल्क कानूनी सलाह और अधिवक्ता की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
शिविर में जिला चिकित्सालय के क्षय रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय पांडे, विजय राणा और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी लोगों को जनसंख्या नियंत्रण, लिंगानुपात में सुधार तथा भ्रूण लिंग जांच और अवैध गर्भपात जैसी सामाजिक बुराइयों की रोकथाम के बारे में जागरूक किया। उन्होंने लोगों से बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच अपनाने और स्वास्थ्य संबंधी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बढ़ते अपराध, नाबालिग लड़कियों के साथ होने वाले अपराध और अवैध शराब के कारोबार पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने समाज और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से अपराध नियंत्रण की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद परिमल राय ने शिविर में पहुंची जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ममता पंत का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आम लोगों के हित में बेहद उपयोगी साबित होते हैं। कार्यक्रम में वर्तमान पार्षद सुशील मंडल, कमेटी अध्यक्ष पिंटू राय, कंचन सक्सेना, शालिनी गुप्ता, अंकित त्रिपाठी, सुनील शर्मा, क्षष्टी रावत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।