देहरादून में वीर गोर्खा कल्याण समिति का हरित अभियान, पर्यावरण बचाने का लिया संकल्प

पर्यावरण संरक्षण और ग्लोबल वार्मिंग के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से वीर गोर्खा कल्याण समिति, देहरादून ने डूडा देवी क्षेत्र में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया। इस अभियान में समिति के पदाधिकारियों के साथ स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष कमल थापा ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अनिवार्य आवश्यकता बन गया है। उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के कारण दुनिया भर में मौसम का संतुलन लगातार बिगड़ रहा है। अत्यधिक गर्मी, कड़ाके की ठंड, अनियमित वर्षा, आंधी और तूफान जैसी प्राकृतिक घटनाएं इसके स्पष्ट संकेत हैं।

कमल थापा ने कहा कि यदि समय रहते पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले वर्षों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उनका कहना था कि सामूहिक प्रयासों से ही ग्लोबल वार्मिंग के प्रभाव को कम किया जा सकता है और धरती को सुरक्षित रखा जा सकता है।

वृक्षारोपण अभियान में समिति के संरक्षक ई. मेख बहादुर थापा, सारिका प्रधान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उर्मिला तामाड, उपाध्यक्ष सूर्य विक्रम शाही, महासचिव विशाल थापा, कोषाध्यक्ष टेकु थापा, सचिव देवीन शाही, सह-सचिव आशु थापा, सांस्कृतिक सचिव देव कला दीवान, सह सांस्कृतिक सचिव करमिता थापा, संगठन मंत्री लोकेश बन, सोनु गुरुंग, यामु राना, सोना शाही, पूरन थापा, बुद्धेश राई, ज्योति राना, सूबेदार देश मान राई, साहिल राना, बबीता गुरुंग, मिन प्रसाद गुरुंग, नन्द बहादुर थापा, कांछी माया तमांग, तुला राना, भूमी भट्टराई सहित बड़ी संख्या में समिति के सदस्य और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.