After Header-1

हिमाचल में बारिश बनी आफत, वैली ब्रिज ढहा, 200 से ज्यादा सड़कें बंद

शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को गंभीर रूप से प्रभावित कर दिया है। पिछले दो दिनों से जारी बारिश के कारण शिमला, सिरमौर, सोलन और किन्नौर समेत कई जिलों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। प्रदेशभर में 200 से अधिक सड़कें बंद होने से कई क्षेत्रों का संपर्क टूट गया है, जबकि नदी-नालों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने 14 जुलाई तक भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

बीते 24 घंटों में सबसे अधिक 158.9 मिमी बारिश सिरमौर के नाहन में दर्ज की गई। इसके अलावा सोलन, कांगड़ा, शिमला और कुल्लू सहित कई इलाकों में भी तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने शनिवार को शिमला, चंबा, कुल्लू और सिरमौर में भारी बारिश तथा मंडी, कांगड़ा और किन्नौर में मध्यम से तेज वर्षा की चेतावनी दी है।

किन्नौर जिले के सांगला में भारी बारिश के कारण जमीन धंसने से वैली ब्रिज पूरी तरह ढह गया। पुल के टूटने से स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

राजधानी शिमला में भी लगातार बारिश के चलते कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ। कसुम्पटी क्षेत्र के राजहाना में पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें सड़क पर गिरने से दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं संजौली कॉलेज के पास बोथवेल क्षेत्र में तड़के हुए भूस्खलन से सड़क का हिस्सा धंस गया और आसपास के कई मकान खतरे की जद में आ गए। पुलिस ने एहतियातन लोगों को मकान खाली करने की सलाह दी है।

रामपुर उपमंडल में गानवी खड्ड का जलस्तर बढ़ने से कई पंचायतों का संपर्क प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों को जोखिम उठाकर आवाजाही करनी पड़ रही है, जबकि कई स्थानों पर लोग स्वयं सड़क की मरम्मत में जुटे हैं।

उधर, कुल्लू जिले में पार्वती-2 पावर स्टेशन के बांध का जलस्तर बढ़ने पर एनएचपीसी ने अतिरिक्त पानी पार्वती नदी में छोड़ने की चेतावनी जारी की है। लोगों और पर्यटकों से नदी किनारों से दूर रहने की अपील की गई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना जताते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की सलाह का पालन करने को कहा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.