मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा, सुशासन एवं समर्पण पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को देहरादून के जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म में विशाल बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। कैंट विधानसभा क्षेत्र की विधायक सविता कपूर की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ। शिविर में 2,140 से अधिक लोगों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि, उद्यान और अन्य विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। अधिकारियों ने लोगों को राज्य और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी मौके पर ही पूरी की। इससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।
जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में कुल 41 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 39 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर लोगों को तत्काल राहत प्रदान की गई, जबकि शेष शिकायतों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया। इसके अलावा राजस्व एवं अन्य विभागों ने आय, जाति, आधार, यूडीआईडी और खाता-खतौनी सहित विभिन्न श्रेणियों के 51 प्रमाण पत्र भी शिविर स्थल पर ही जारी किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सविता कपूर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार सेवा, सुशासन और समर्पण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य राज्य के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी, सरल और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने इस पहल को जनता और प्रशासन के बीच विश्वास मजबूत करने वाला अभियान बताया।
विधायक ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के माध्यम से प्रदेशभर में हजारों नागरिकों को सीधे लाभ मिला है। उन्होंने लोगों से भविष्य में भी ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।