मानसून से पहले एक्शन में मंत्री गणेश जोशी, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

उत्तराखंड में मानसून के सक्रिय होने के बीच कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को देहरादून के गढ़ी कैंट स्थित घट्टी गोला क्षेत्र और बीजापुर डैम के निकट मुख्य संपर्क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा बरसात के दौरान लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मानसून के समय क्षेत्रवासियों को आवागमन में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसाती नदी की ओर सुरक्षा दीवार (प्रोटेक्शन वॉल) का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाए। साथ ही मुख्य मोटर मार्ग पर वर्षा के कारण होने वाले मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए प्रोटेक्शन नेट अथवा ब्रेस्ट वॉल का निर्माण जल्द से जल्द पूरा किया जाए।

उन्होंने कहा कि सभी सुरक्षात्मक कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। संबंधित विभाग समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करें ताकि भारी बारिश के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके। मंत्री ने अधिकारियों को क्षेत्र की नियमित निगरानी करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार मानसून के दौरान नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा उपायों को समय रहते पूरा करना जरूरी है, ताकि जन-धन की हानि से बचा जा सके और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलती रहे।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्र, सिंचाई विभाग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा नेता लक्ष्मण सिंह रावत, जगदीश रेगमी, मंडल महामंत्री किरण, ग्राम प्रधान भारती जवाड़ी, केदार जोशी, नीटू सिंह, समुंदर सिंह, सपना मल्ल सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी भी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.