भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में गुरुवार को आयोजित प्रदेश एवं जिला स्तरीय प्रकोष्ठ कार्यशाला में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और जनसेवा को अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। कार्यशाला में प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न प्रकोष्ठों के संयोजकों ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठ संगठन की सबसे महत्वपूर्ण ताकत हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा, शिक्षक, पूर्व सैनिक, सेवानिवृत्त कर्मचारी और लघु उद्योग जैसे प्रकोष्ठ समाज के अलग-अलग वर्गों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सेवा भाव के साथ जनता के बीच सक्रिय रहने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश संयोजक कोस्तुवानंद जोशी, प्रदेश सह-संयोजक सचिन, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल तथा विधायक शिव अरोरा ने भी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। वक्ताओं ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, सदस्यता विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और जनसंपर्क अभियानों को लेकर विस्तृत चर्चा की तथा कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजकों ने भी अपने विचार रखे। इनमें लघु उद्योग प्रकोष्ठ के राहुल देव धंड, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के कर्नल रघुवीर सिंह भंडारी, सेवानिवृत्त प्रकोष्ठ के रमेश चंद्र रमोला, शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदीप त्यागी और चिकित्सा प्रकोष्ठ के डॉ. चंडी प्रसाद भट्ट प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय तथा जनहित के कार्यों के प्रति समर्पित बनाने का संकल्प लिया। साथ ही आगामी संगठनात्मक अभियानों को सफल बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का भरोसा भी जताया।