राजधानी देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में गुरुवार को दो पक्षों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते सड़क पर हंगामे में बदल गया। चकराता रोड स्थित मिलन चौक के पास सार्वजनिक स्थान पर दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और मारपीट पर उतारू हो गए। सूचना मिलते ही थाना सेलाकुई पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि मिलन चौक के पास कुछ लोग किसी पुराने विवाद को लेकर आपस में झगड़ा कर रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना सेलाकुई से पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चला आ रहा था, जो गुरुवार को फिर से बढ़ गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने और शांत कराने की कोशिश की, लेकिन किसी ने भी पुलिस की बात नहीं मानी। इसके उलट दोनों पक्ष और अधिक आक्रामक हो गए तथा सार्वजनिक स्थान पर एक-दूसरे के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करने लगे। इससे आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों से कुल पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर शांति भंग करने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय पुलिस या प्रशासन की मदद लें। मामले की जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।