एनसीसी कैडेटों को गणेश जोशी का बड़ा तोहफा, सेना की तैयारी के लिए किया खास ऐलान

उत्तराखंड के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, बीरपुर के एनसीसी कैडेटों को अपने कैंप कार्यालय में आमंत्रित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। मंत्री ने कैडेटों का स्नेहपूर्वक स्वागत किया और उनके साथ जलपान भी किया।

दरअसल, कुछ माह पहले केंद्रीय विद्यालय, बीरपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेटों ने मंत्री गणेश जोशी को शानदार गार्ड ऑफ ऑनर दिया था। कैडेटों के अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन से प्रभावित होकर उन्होंने उन्हें अपने कैंप कार्यालय में आमंत्रित किया था। मुलाकात के दौरान मंत्री ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

गणेश जोशी ने कहा कि एनसीसी युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और देशभक्ति की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सेना में शामिल होकर देश की सेवा करने का सपना देखने वाले विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।

उन्होंने घोषणा की कि यदि एनसीसी कैडेट सेना भर्ती या अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग लेना चाहते हैं, तो उन्हें उपनल (UPNL) के माध्यम से यथासंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। इससे युवाओं को बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा और सेना में भर्ती होने के उनके सपनों को नई दिशा मिलेगी।

सैनिक कल्याण मंत्री ने बताया कि उन्होंने डीजी एनसीसी से दूरभाष पर बातचीत कर एनसीसी के सी-सर्टिफिकेट से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने का अनुरोध भी किया है, ताकि अधिक से अधिक कैडेटों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि यह प्रमाणपत्र युवाओं के लिए रक्षा सेवाओं में करियर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने विद्यालय प्रबंधन से किया गया अपना वादा भी निभाया और स्कूल को घास काटने की मशीन (ग्रास कटर) भेंट की। कार्यक्रम में दायित्वधारी ज्योति कोटिया, शमशेर सिंह बिष्ट, संध्या थापा, एनसीसी अधिकारी अनुज चौधरी, स्पेशल एजुकेटर दीक्षा सबरवाल, भावना सबरवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.