बीरोंखाल को मिली करोड़ों की सौगात, सतपाल महाराज ने किए कई विकास कार्यों के शिलान्यास

उत्तराखंड के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री तथा चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु है। इसके माध्यम से सरकार अपनी उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाती है और आम लोग अपनी समस्याएं सीधे सरकार के समक्ष रख सकते हैं।

विकासखंड बीरोंखाल के दौरे के तीसरे दिन सोमवार को सतपाल महाराज ने भरपूर बड़ा, नेग्याणा, कसाणी, हलाड़, सैंधार, भरोलीखाल और कमलिया वल्ला सहित कई क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन, सशक्त मंडल और सशक्त संगठन की बैठकों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।

अपने दौरे के दौरान मंत्री ने क्षेत्र को 3 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने लगभग 2.71 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले भगवती तलिया-कमलिया पांच किलोमीटर मोटर मार्ग पर आरसीसी पुल के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसके अलावा 39.18 लाख रुपये की लागत से सैंधार-नेग्याणा-चोरखिण्डा मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण कार्य का शुभारंभ किया। वहीं ग्राम पंचायत कैलाड़ में 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नए पंचायत भवन का भी शिलान्यास किया गया।

सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में भूमियाखांडा-किंगोड़ीधार, डांडा नागराजा ग्राम समूह, वेदीखाल, बरसुण्डा देवता, भैरोंगढ़ी, जूनीसेरा-चौबट्टाखाल और हलूणी सहित कई महत्वपूर्ण पेयजल एवं सिंचाई पंपिंग योजनाओं पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल और सिंचाई की सुविधाएं मजबूत होंगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना भी प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में भाजपा युवा नेता सुयश रावत, जिलाध्यक्ष कमल किशोर, मंडल अध्यक्ष ओमपाल, जिला मंत्री बृजमोहन, जिला उपाध्यक्ष मैत्री प्रकाश, दलीप सिंह, शक्ति केंद्र संयोजक स्वराज बौखण्डी, प्रधान विनोद जोशी, निर्मला देवी, एसडीएम कृष्ण कुमार त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.