देहरादून: लगातार हो रही बारिश से प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के क्रम में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को देहरादून के खालागांव का दौरा किया। यहां उन्होंने भारी वर्षा से क्षतिग्रस्त हुए गांव को जोड़ने वाले मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को पुनर्निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से सड़क को हुए नुकसान और राहत कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने जिलाधिकारी आशीष चौहान को निर्देशित किया कि क्षतिग्रस्त सड़क और सुरक्षा दीवार के पुनर्निर्माण का इस्टीमेट जल्द तैयार कर निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए सड़क को जल्द से जल्द सुचारु करना जरूरी है।
गणेश जोशी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को भी नाले के किनारे बनाए जाने वाले पुश्ते की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने खालागांव के नाले में चेक डैम निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा। उनका कहना था कि चेक डैम बनने से बरसात के दौरान पानी के तेज बहाव को नियंत्रित किया जा सकेगा और भविष्य में सड़क व आसपास के क्षेत्रों को होने वाले नुकसान में कमी आएगी।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा सड़क के पुनर्निर्माण के लिए 30 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी नहीं होनी चाहिए। सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी आशीष चौहान, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने मंत्री के दौरे और त्वरित कार्रवाई के निर्देशों पर संतोष व्यक्त करते हुए जल्द निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई।