मुंबई। भारतीय शेयर बाजार ने बुधवार को मजबूत शुरुआत की। वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों और शुरुआती खरीदारी के दम पर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों बढ़त के साथ खुले। कारोबार के शुरुआती सत्र में निवेशकों का रुझान चुनिंदा ब्लूचिप और आईटी शेयरों की ओर देखने को मिला, जिससे बाजार का माहौल सकारात्मक बना रहा।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में करीब 130 अंकों की बढ़त के साथ 76,608.60 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई का निफ्टी-50 भी 46 अंकों से अधिक की तेजी के साथ 23,912.15 के स्तर पर कारोबार करता दिखाई दिया।
शुरुआती कारोबार में टाइटन, महिंद्रा एंड महिंद्रा (एमएंडएम), सन फार्मा, इंफोसिस और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। इसके अलावा अडानी पोर्ट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, टीसीएस, मारुति, आईटीसी और एसबीआई के शेयर भी हरे निशान में कारोबार करते नजर आए, जिससे प्रमुख सूचकांकों को मजबूती मिली।
हालांकि, बाजार में कुछ शेयर दबाव में भी रहे। बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, एचसीएल टेक, एशियन पेंट्स और एनटीपीसी के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो ऑटो, आईटी, स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों में तेजी रही, जबकि बैंकिंग सेक्टर में हल्की कमजोरी देखने को मिली।
वैश्विक बाजारों का रुख भी मिला-जुला रहा। जापान का निक्केई 225 बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी दबाव में रहा। इस बीच जापानी येन अमेरिकी डॉलर के मुकाबले कई दशकों के निचले स्तर पर पहुंच गया है। निवेशकों की निगाहें अब अमेरिका के रोजगार संबंधी आंकड़ों पर टिकी हैं, क्योंकि इन्हीं के आधार पर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आगामी मौद्रिक नीति की दिशा तय होने की उम्मीद है।
उधर, मंगलवार को अमेरिकी शेयर बाजार भी मजबूती के साथ बंद हुए थे। डॉव जोंस, एसएंडपी 500 और नैस्डैक में आई तेजी का सकारात्मक असर भारतीय बाजार की शुरुआत पर भी देखने को मिला।