जगन्नाथ स्नान यात्रा आज: कब होंगे हाथी वेश के दर्शन, जानिए पूरा कार्यक्रम

पुरी। भगवान श्रीजगन्नाथ की विश्वप्रसिद्ध पवित्र स्नान यात्रा को लेकर पुरी स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर प्रशासन, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से बैठक कर धार्मिक अनुष्ठानों, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की अंतिम समीक्षा की। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सभी परंपरागत नीतियां और धार्मिक अनुष्ठान निर्धारित समय के अनुसार ही संपन्न कराए जाएंगे तथा नीतिकांति का पूरी तरह पालन किया जाएगा।

विशेष धार्मिक अनुष्ठानों और सेनापटा लागी नीति के चलते रविवार से कुछ समय के लिए श्रीमंदिर में सामान्य दर्शन पर रोक लगाई गई थी। प्रशासन के अनुसार स्नान यात्रा के सभी कार्यक्रम तय समय पर संपन्न होंगे। कार्यक्रम के मुताबिक सुबह 5 बजे से 7 बजे तक भगवान श्रीजगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की भव्य पहंडी यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद स्नान और अन्य पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।

दोपहर 3 बजे से 3:30 बजे के बीच पुरी के गजपति महाराजा पारंपरिक छेरा पहंरा की महत्वपूर्ण रस्म निभाएंगे। इसके बाद शाम 4 बजे से 5 बजे तक भगवानों का मनमोहक हाथी वेश (गज वेश) श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए सजाया जाएगा। यह स्नान यात्रा का सबसे आकर्षक और विशेष अनुष्ठान माना जाता है, जिसे देखने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पुरी पहुंचते हैं।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए शाम 7 बजे से रात 9:30 बजे तक सहाण मेला यानी सार्वजनिक दर्शन की व्यवस्था की है। हाथी वेश के दर्शन के बाद भगवान बहुड़ा पहंडी के माध्यम से पुनः श्रीमंदिर में प्रवेश करेंगे।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्नान मंडप के सामने विशेष रैंप बनाया गया है। सामान्य श्रद्धालु सिंहद्वार से प्रवेश कर स्नान मंडप में दर्शन करेंगे और अन्य तीन द्वारों से बाहर निकलेंगे। वहीं टिकटधारी श्रद्धालुओं के लिए केवल दक्षिण द्वार से प्रवेश की व्यवस्था की गई है।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। स्नान यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 79 प्लाटून पुलिस बल, वरिष्ठ अधिकारियों और बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से शांति, अनुशासन और सहयोग बनाए रखने की अपील की है, ताकि यह पावन आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.