रांची। झारखंड की राजधानी रांची एक बार फिर राष्ट्रीय खेल आयोजनों के केंद्र में आने जा रही है। देश के सबसे प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक फुटबॉल टूर्नामेंटों में शुमार डूरंड कप के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुलाकात कर आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।
कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित बैठक में 23 इन्फैंट्री डिवीजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) मेजर जनरल सज्जन सिंह मान और डूरंड कप के नोडल अधिकारी कर्नल हेमचंद्रा ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस वर्ष डूरंड कप की मेजबानी रांची को मिली है और टूर्नामेंट का संभावित आगाज 26 जुलाई से किया जाएगा।
बैठक के दौरान सेना के अधिकारियों ने आयोजन स्थल, खिलाड़ियों और टीमों के ठहरने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात सुविधा तथा विभिन्न विभागों के साथ समन्वय से जुड़े कार्यों की विस्तृत जानकारी साझा की। इस अवसर पर राज्य के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि डूरंड कप जैसे ऐतिहासिक फुटबॉल टूर्नामेंट की मेजबानी झारखंड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि राज्य की खेल प्रतिभाएं लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान बना रही हैं और ऐसे बड़े आयोजन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनते हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि टूर्नामेंट से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों, अधिकारियों, टीम प्रबंधन और दर्शकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए उच्च स्तरीय सुविधाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार खेलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों की सफल मेजबानी के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि डूरंड कप का सफल आयोजन झारखंड की खेल संस्कृति को नई पहचान देने के साथ राज्य को देश के खेल मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित करेगा।