वंदे भारत 2 घंटे लेट हुई तो क्या मिलेगा फ्री? रेलवे ने किया बड़ा ऐलान

वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर करने वाले यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने एक बड़ी राहत देने वाली सुविधा शुरू की है। अब यदि वंदे भारत एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से दो घंटे या उससे अधिक देरी से चलती है या स्टेशन से विलंब से रवाना होती है, तो यात्रियों को यात्रा के दौरान मुफ्त भोजन, नाश्ता और पीने का पानी उपलब्ध कराया जाएगा। रेलवे का मानना है कि इस कदम से यात्रियों को होने वाली असुविधा कम होगी और प्रीमियम ट्रेन सेवा पर उनका भरोसा और मजबूत होगा।

इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) के अनुसार यह सुविधा पूरी तरह से निःशुल्क होगी। इसके लिए यात्रियों से किसी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा और टिकट बुकिंग के समय भी कोई अलग चार्ज नहीं जोड़ा जाएगा। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि ट्रेन की देरी के समय के आधार पर यात्रियों को भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

यदि वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह के समय दो घंटे से अधिक लेट होती है, तो यात्रियों को चाय या कॉफी के साथ भरपेट नाश्ता परोसा जाएगा। वहीं, यदि ट्रेन दोपहर या रात के भोजन के समय निर्धारित समय से दो घंटे या अधिक विलंबित होती है, तो यात्रियों को पूरा शाकाहारी भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा यात्रियों को रेल नीर की बोतल भी मुफ्त दी जाएगी।

रेलवे ने यह भी साफ किया है कि जिन यात्रियों ने टिकट बुकिंग के दौरान ‘नो फूड’ विकल्प चुना है, वे भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। ट्रेन के विलंब की स्थिति में सभी यात्रियों को समान रूप से निःशुल्क भोजन और पानी उपलब्ध कराया जाएगा।

मध्य प्रदेश से वर्तमान में पांच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन हो रहा है। इनमें रानी कमलापति-हजरत निजामुद्दीन, भोपाल-इंदौर-नागपुर, भोपाल-जबलपुर-रीवा, खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन तथा वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। भोपाल रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी नवल अग्रवाल के अनुसार यह सुविधा यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव देने और ट्रेन के विलंब से होने वाली परेशानी को कम करने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.