आईएमए के खिलाड़ियों का जलवा, फुटबॉल से बॉक्सिंग तक जीते कई स्वर्ण पदक

देहरादून में आयोजित 55वीं संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता-2026 के दूसरे दिन पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। फुटबॉल, एथलेटिक्स, मुक्केबाजी और योगा जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्रों ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का परिचय देते हुए कई स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन फुटबॉल मुकाबले विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। दिनभर चले रोमांचक मुकाबलों के बाद फाइनल मैच में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय आईएमए की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी टीम को 4-0 से पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय रायवाला में आयोजित अंडर-17 बालक वर्ग की फुटबॉल प्रतियोगिता में भी आईएमए की टीम ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए केन्द्रीय विद्यालय ओएनजीसी को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

एथलेटिक्स स्पर्धाओं में छात्रा दिव्यांजलि ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उन्होंने शॉट पुट, डिस्कस थ्रो और जैवलिन थ्रो की तीनों प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय को गौरवान्वित किया। एक ही प्रतियोगिता में तीन स्वर्ण पदक जीतना उनकी मेहनत और खेल कौशल का प्रमाण माना जा रहा है।

इसके अलावा विद्यालय की छात्रा अंबर शर्मा ने अंडर-19 वर्ग की मुक्केबाजी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

दूसरे दिन आर्टिस्टिक योगा और रिदमिक योगा की अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग की प्रतियोगिताओं के साथ रस्सीकूद प्रतियोगिताओं का भी सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर खेल भावना का परिचय दिया।

विद्यालय प्रशासन ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि छात्रों की यह सफलता अनुशासन, समर्पण और नियमित अभ्यास का परिणाम है। विद्यालय को उम्मीद है कि आने वाले मुकाबलों में भी खिलाड़ी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का गौरव बढ़ाएंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.