अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में दबंगों के हौसले कितने बुलंद हैं, इसका एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना देहली गेट क्षेत्र के नगला मसानी इलाके में कुछ दबंगों ने एक रिटायर्ड फौजी के घर पर हमला बोलते हुए जमकर पथराव किया और कई राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है। उस समय रिटायर्ड फौजी अपने घर पर मौजूद नहीं थे। इसी दौरान क्षेत्र के करीब आधा दर्जन दबंग उनके घर के बाहर पहुंचे और अचानक पथराव शुरू कर दिया। पथराव से घर के बाहर और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पथराव के बाद आरोपितों ने अवैध तमंचों से कई राउंड फायरिंग की। बताया जा रहा है कि घर की छत पर मौजूद महिलाओं की ओर भी हथियार तानकर फायरिंग की गई, जिससे परिवार के सदस्यों में दहशत फैल गई। घटना के दौरान महिलाएं और बच्चे भय के कारण घर के अंदर छिप गए।
स्थानीय लोगों ने पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और इसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और पीड़ित परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया है।
घटना ने इलाके में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।