टोरंटो। 2026 के फीफा विश्व कप के शुरुआती मुकाबलों में जहां दिग्गज खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से प्रशंसकों को प्रभावित किया है, वहीं कई ऐसे खिलाड़ी भी सामने आए हैं, जिनके नाम से फुटबॉल प्रेमी पहले ज्यादा परिचित नहीं थे। इन उभरते सितारों ने शानदार खेल दिखाकर साबित कर दिया है कि विश्व कप केवल बड़े सितारों का मंच नहीं, बल्कि नए नायकों को पहचान दिलाने का सबसे बड़ा अवसर भी है।
विश्व कप के पहले सप्ताह में केप वर्डे के गोलकीपर वोजिन्हा सबसे अधिक चर्चा में रहे। उन्होंने स्पेन जैसी मजबूत टीम के खिलाफ मुकाबले में कई शानदार बचाव किए और अपनी टीम को मजबूती प्रदान की। उनके बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता में जबरदस्त बढ़ोतरी देखी गई।
छोटे द्वीपीय देश क्यूरासाओ के खिलाड़ी लिवानो कोमेनेंसिया ने भी सुर्खियां बटोरीं। उन्होंने जर्मनी के खिलाफ अपनी टीम के लिए विश्व कप इतिहास का यादगार गोल दागा। हालांकि उनकी टीम को 7-1 से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन उनका गोल फुटबॉल प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
कतर के 35 वर्षीय सेंटर बैक बौलेम खौखी ने स्विट्जरलैंड के खिलाफ अपने अनुभव का शानदार प्रदर्शन किया। उनकी सक्रियता के कारण स्विस टीम पर दबाव बना और मुकाबला ड्रॉ कराने में उनकी अहम भूमिका रही। वहीं बोस्निया और हर्जेगोविना के जोवो लुकिच ने कनाडा के खिलाफ अपना पहला अंतरराष्ट्रीय गोल कर सभी को चौंका दिया। चोटिल खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में मिले मौके का उन्होंने पूरा फायदा उठाया।
न्यूजीलैंड के एलिजा जस्ट ने ईरान के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ रहे मुकाबले में दो गोल दागकर अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं मिस्र के इमाम अशूर ने बेल्जियम जैसी मजबूत यूरोपीय टीम के खिलाफ अपना पहला विश्व कप गोल कर मुकाबले को बराबरी पर समाप्त कराने में मदद की।
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया है कि विश्व कप में केवल स्थापित सितारे ही नहीं चमकते, बल्कि मेहनत और प्रतिभा के दम पर नए चेहरे भी दुनिया भर के प्रशंसकों के दिलों में अपनी जगह बना सकते हैं।