उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद में थाना शिकोहाबाद पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बृहस्पतिवार देर रात मुठभेड़ के दौरान नोएडा के तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब 19 लाख रुपये नकद, अवैध असलाह और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाशों ने हाल ही में एक सर्राफा कारोबारी की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर उससे आभूषण और नकदी लूट ली थी।
घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलने पर घेराबंदी की गई, जिसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि तीनों को दबोच लिया गया। पुलिस आरोपितों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक देहात अनुज चौधरी ने बताया कि जनपद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर में डकेती व लूट की घटनाओं के खुलासे और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चल रहा है। इसी के क्रम में थाना प्रभारी शिकोहाबाद अनुज कुमार राणा पुलिस टीम के साथ बृहस्पतिवार देर रात क्षेत्र में गश्त पर थे तभी सूचना मिली कि 12 जून को थाना शिकोहाबाद कस्बा क्षेत्रान्तर्गत हुई लूट की घटना से सम्बन्धित वांछित अभियुक्तगण छीछामई नहर के रास्ते होते हुए नसीरपुर से हाईवे पकड़कर लखनऊ भागने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस व एसओजी टीम ने घेराबंदी की तो काली स्कोर्पियो सवार संदिग्ध व्यक्तियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस टीम की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्यवाही में एक संदिग्ध व्यक्ति पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल की पहचान वांछित अभियुक्त सुमित उर्फ भोला पुत्र सुन्दर के रूप में हुई। वहीं सहअभियुक्त नीरज पुत्र महावीर सिंह व कौशेन्द्र पुत्र समय सिंह निवासीगण कामबक्षपुर थाना नोलेजपार्क ग्रेटर नोएडा जनपद गौतमबुद्ध नगर को मौके से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 02 अवैध तमंचा, 02 खोखा कारतूस, 04 जिन्दा कारतूस, 19 लाख रूपये (लूट की घटना से सोना बेचकर प्राप्त), घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल व 01 कार स्कोर्पियो ब्लैक कलर बरामद हुई है। एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास है। घायल अभियुक्त सुमित उर्फ भोला को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है। आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।