मुंडन संस्कार से लौट रहा परिवार खत्म! चंबा में 500 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो

मुंडन संस्कार से लौट रहा परिवार भीषण सड़क हादसे में खत्म। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में  बोलेरो वाहन करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गया, जिससे उसमें सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब दो बजे हुआ, जब बोलेरो अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और किसी को भी बचने का मौका नहीं मिला। स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी मिलने के बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। अंधेरा और दुर्गम ढलान बचाव अभियान में बड़ी चुनौती बने रहे।

हादसे में जान गंवाने वालों में तीन सगे भाई, एक दंपति और तीन महिलाएं शामिल हैं। मृतकों की पहचान पंचायत कुठेड़ के महल गांव निवासी चुन्नी लाल (65), देवी लाल (62), मोती राम (50), उनकी पत्नी बबली देवी (45), अनीता कुमारी (20), कुंता देवी (53) और मनोहर लाल (34) के रूप में हुई है। चुन्नी लाल, देवी लाल और मोती राम आपस में सगे भाई थे। सभी लोग काकड़ोथा गांव में आयोजित एक मुंडन संस्कार समारोह में शामिल होकर देर रात अपने घर लौट रहे थे।

चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने सात लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि अधिकांश मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे। सभी शवों को खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज, चंबा भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटनास्थल पर पर्याप्त क्रैश बैरियर नहीं थे। यदि सड़क किनारे मजबूत सुरक्षा इंतजाम होते, तो हादसे की गंभीरता कम हो सकती थी। चंबा जिले में हाल के महीनों में सड़क हादसों की बढ़ती संख्या चिंता का विषय बनी हुई है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.