देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को देश की प्रगति, विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा का स्वर्णिम कालखंड बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का कार्यकाल भारत को आत्मविश्वासी, सुरक्षित और विश्व मंच पर सम्मानित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण साबित हुआ है।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकासशील राष्ट्र की छवि से आगे बढ़ते हुए विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में तेज़ी से कदम बढ़ाए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014, 2019 और 2024 में लगातार तीन बार जनता ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। यह इस बात का प्रमाण है कि देश अब केवल नारों पर नहीं, बल्कि विकास और सुशासन के आधार पर मतदान करता है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया के प्रमुख देशों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है।
धामी ने विशेष रूप से उत्तराखंड का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का राज्य से विशेष लगाव रहा है, जिसका सीधा लाभ प्रदेश को मिला है। उनके नेतृत्व में उत्तराखंड को बुनियादी ढांचे, सड़क, रेल, स्वास्थ्य, पर्यटन और धार्मिक विकास से जुड़ी लाखों करोड़ रुपये की योजनाएं मिली हैं। इन परियोजनाओं ने राज्य के विकास को नई गति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले योजनाएं केवल कागजों तक सीमित रहती थीं, जबकि वर्तमान सरकार में योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन दोनों समयबद्ध तरीके से हो रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पारदर्शी शासन व्यवस्था को बढ़ावा दिया है और डिजिटल तकनीक के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाया है।
उन्होंने दावा किया कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) व्यवस्था के जरिए करोड़ों लोगों को सीधा लाभ मिला है और सरकारी धन की बड़े पैमाने पर बचत हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत डिजिटल लेनदेन के मामले में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल हो चुका है, जो देश की बदलती तस्वीर को दर्शाता है।