विशाखापट्टनम स्टील प्लांट में ऐसा क्या हुआ कि चंद सेकंड में 8 कर्मचारियों की चली गई जान?

 विशाखापट्टनम। आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम स्थित स्टील प्लांट में सोमवार को एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट की एसएमएस-2 और एसटीसी-3 हीट फैसिलिटी में पिघले हुए स्टील से भरा लेडल अचानक फट जाने से कम से कम आठ कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे संयंत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, अत्यधिक तापमान पर मौजूद पिघला हुआ स्टील लेडल के फटने के बाद तेजी से आसपास फैल गया। अचानक हुए तेज धमाके से कर्मचारी संभल नहीं सके और कई लोग इसकी चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट इतना भीषण था कि घटनास्थल पर मौजूद कर्मचारियों में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

विशाखापट्टनम स्टील प्लांट के सर्किल इंस्पेक्टर केसव राव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में आठ कर्मचारियों की मौत हुई है। वहीं कई अन्य घायल कर्मचारियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही प्लांट की सुरक्षा टीम, अग्निशमन विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र को तत्काल खाली कराया और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। आग और स्टील के रिसाव पर नियंत्रण पाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास किए गए।

इस हादसे पर आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री वांगलापुडी अनीता ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने जिला कलेक्टर और पुलिस आयुक्त से फोन पर बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली तथा घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। गृह मंत्री ने राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ हादसे की विस्तृत रिपोर्ट भी तलब की है। बताया जा रहा है कि वह स्वयं घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं और पूरे मामले की निगरानी कर रही हैं।

हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों में चूक की आशंका जताई जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.