रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर जनपद के लिए गौरव और सम्मान की बात है कि फेम इंडिया पत्रिका की प्रतिष्ठित “सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी 2026” रैंकिंग में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया को देशभर के शीर्ष पांच जिलाधिकारियों में स्थान मिला है। इतना ही नहीं, उन्हें “जिम्मेदार” श्रेणी में प्रथम स्थान देकर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। यह उपलब्धि उनकी प्रभावी प्रशासनिक कार्यशैली, जनकल्याणकारी सोच और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण मानी जा रही है।
फेम इंडिया द्वारा जारी विशेषांक में देशभर के लगभग 800 जिलों और हजारों प्रशासनिक अधिकारियों का विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन किया गया। इनमें प्रशासनिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता, जवाबदेही, नवाचार, संकट प्रबंधन, जनसंपर्क, त्वरित निर्णय क्षमता, विकासोन्मुख दृष्टिकोण और जनहित के प्रति संवेदनशीलता जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को आधार बनाया गया। मूल्यांकन प्रक्रिया में फील्ड रिपोर्ट, मीडिया विश्लेषण, विशेषज्ञों की राय और जन प्रतिक्रिया को भी शामिल किया गया।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के नेतृत्व में ऊधमसिंहनगर जनपद ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री जनमन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनपद को भारत के राष्ट्रपति द्वारा “बेस्ट परफॉर्मिंग डिस्ट्रिक्ट” सम्मान भी मिल चुका है। इसके अलावा विभिन्न प्रशासनिक और विकासात्मक कार्यों के लिए जनपद को दो सिल्वर मेडल भी प्राप्त हुए हैं।
शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आधारभूत संरचना और समग्र विकास के क्षेत्र में किए गए कार्यों ने जनपद को नई पहचान दिलाई है। प्रशासन की पारदर्शी कार्यशैली और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के प्रयासों को भी राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।
डीएम नितिन सिंह भदौरिया को मिला यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे जनपद, प्रशासनिक टीम और नागरिकों के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि भविष्य में और बेहतर प्रशासनिक कार्यों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी तथा जनपद की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत करेगी।