टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने गुरुवार को टिहरी गढ़वाल जिले के विभिन्न विकास कार्यों और पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तपोवन स्थित बजरंग सेतु और नरेंद्रनगर विकासखंड के प्लास्डा गांव में संचालित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत तपोवन स्थित बजरंग सेतु से हुई। यहां लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ओम प्रकाश ने मुख्य सचिव को सेतु की इंजीनियरिंग संरचना, तकनीकी विशेषताओं और निर्माण कार्य से संबंधित विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। मुख्य सचिव ने परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक उपयोग की परियोजनाओं में गुणवत्ता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
इसके बाद मुख्य सचिव ने नरेंद्रनगर विकासखंड के प्लास्डा स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण किया। भोजनालय की संचालक बीना पुंडीर ने उन्हें प्रतिदिन आने वाले ग्राहकों, बिक्री और वित्तीय सहायता से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भोजनालय को रीप परियोजना के तहत छह लाख रुपये, बैंक ऋण के रूप में तीन लाख रुपये तथा सीएलएफ योगदान के रूप में एक लाख रुपये की सहायता प्राप्त हुई है।
मुख्य सचिव ने भोजनालय परिसर के आसपास अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और पर्यटकों की सुविधा के लिए मेनू को स्पष्ट एवं व्यवस्थित तरीके से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा देने वाले ऐसे प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आनंद बर्धन ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन, स्वरोजगार और स्थानीय आजीविका को प्रोत्साहित करने वाली योजनाओं को और सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे न केवल क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर भी सृजित होंगे।
निरीक्षण के दौरान सचिव लोक निर्माण विभाग डॉ. पंकज कुमार पांडेय, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।