देहरादून। उत्तराखंड में पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत हुई है। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने मुख्यमंत्री आवास परिसर स्थित राजकीय उद्यान, सर्किट हाउस देहरादून में विकसित किए जा रहे 3-बी गार्डन (बी-फ्रेंडली, बटरफ्लाई-फ्रेंडली एवं बर्ड-फ्रेंडली गार्डन) के निर्माण कार्य का शुभारंभ कृष्णा वट का पौधा रोपित कर किया। यह विशेष उद्यान मधुमक्खियों, तितलियों और पक्षियों के संरक्षण एवं संवर्धन को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है।
राज्य सरकार की इस पहल का उद्देश्य प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करना और परागण प्रक्रिया को बढ़ावा देना है। उद्यान में ऐसे पौधों का व्यापक स्तर पर रोपण किया जा रहा है जो जैव विविधता को समृद्ध करने के साथ-साथ मधुमक्खियों, तितलियों और पक्षियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करें। इसके लिए जामुन, शहतूत, सहजन, कदम्ब, कपूर, गुड़हल, अमरूद, नीम, बांस, तुलसी, लैवेंडर, सूरजमुखी, रोजमेरी और पुदीना सहित कई प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विशेष उद्यान से न केवल मधुमक्खी पालन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति लोगों में जागरूकता भी बढ़ेगी। उद्यान के आसपास कीटनाशकों और अन्य हानिकारक रसायनों के उपयोग पर रोक रखी जाएगी, जिससे प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि परिसर में पुराने और जर्जर वृक्षों के पास नए पौधों का रोपण भी किया जा रहा है। साथ ही उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पाए जाने वाले बांज, बुरांश, तेजपत्ता और पया जैसी प्रजातियों को भी संरक्षित करने का प्रयास जारी है। ये पौधे वर्तमान में स्वस्थ रूप से विकसित हो रहे हैं और परिसर की प्राकृतिक सुंदरता को बढ़ा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने उद्यान विभाग के कार्यों की सराहना करते हुए मधुमक्खी पालन गतिविधियों को मुख्यमंत्री आवास परिसर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर विकसित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सचिव शैलेश बगौली, निदेशक उद्यान डॉ. आर.के. सिंह और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।