मुंबई की फ्लाइट पकड़ने पहुंचा यात्री, बैग से निकले 7 जिंदा कारतूस, मचा हड़कंप

 पटना। राजधानी स्थित जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री के बैग से सात जिंदा कारतूस बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की सतर्कता से मामला समय रहते सामने आ गया और यात्री को तत्काल हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच तेज कर दी है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार यात्री की पहचान महाराष्ट्र के पुणे जिले के फुरसुंगी निवासी संतोष तिवारी के रूप में हुई है। वह पटना से मुंबई जाने वाली फ्लाइट में यात्रा करने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था। नियमित सुरक्षा जांच के दौरान जब उसका बैग स्कैनर मशीन से गुजारा गया तो उसमें संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। इसके बाद सीआईएसएफ जवानों ने बैग की गहन तलाशी ली, जिसमें सात जिंदा कारतूस बरामद हुए।

सुरक्षा अधिकारियों ने जब यात्री से कारतूस रखने और उन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने संबंधी वैध लाइसेंस एवं दस्तावेज मांगे, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। उसके पास कारतूसों के संबंध में कोई अधिकृत कागजात भी नहीं मिले। इसके बाद सीआईएसएफ ने उसे हिरासत में लेकर एयरपोर्ट थाना पुलिस को सौंप दिया।

पुलिस पूछताछ में भी संतोष तिवारी यह स्पष्ट नहीं कर पाया कि कारतूस उसके बैग में कैसे आए और उन्हें मुंबई ले जाने का उसका उद्देश्य क्या था। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया तथा बरामद कारतूसों को जब्त कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

इसी बीच एयरपोर्ट पर एक अन्य घटना भी सामने आई। सुरक्षा जांच के दौरान एक युवती के बैग से कारतूस का एक खोखा बरामद हुआ। पूछताछ में युवती ने बताया कि उसे रास्ते में पड़ा यह खोखा मिला था, जिसे उसने जिज्ञासावश उठाकर अपने बैग में रख लिया था। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां इस दावे की भी जांच कर रही हैं।

पुलिस अब दोनों मामलों की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों घटनाएं महज संयोग हैं या इनके बीच कोई संबंध है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.