एनआईटी श्रीनगर के कामों में देरी पर मंत्री सख्त, अधिकारियों को दिए बड़े निर्देश

उत्तराखंड सरकार ने एनआईटी श्रीनगर के निर्माण कार्यों में तेजी लाने और स्थानीय लोगों के हितों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने देहरादून स्थित अपने शासकीय आवास पर आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय पर पूरे किए जाएं।

बैठक में मंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कार्यदायी संस्थाओं की कार्यशैली अनुबंध के अनुरूप नहीं दिख रही है, जिससे स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन ग्रामीणों ने संस्थान के लिए भूमि दी है और आसपास के क्षेत्र के लोग हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।

डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने वादे के अनुसार एनआईटी को बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करा दी हैं। अब संस्थान को अपने बाकी कार्यों को तेजी से पूरा करना चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि एनआईटी की सीमा में आने वाले ग्रामीणों के लिए पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

समीक्षा बैठक में एक अहम फैसला लेते हुए मंत्री ने एनआईटी प्रशासन को श्रीनगर स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज के अधिग्रहित भवन धीरे-धीरे तकनीकी शिक्षा विभाग को वापस सौंपने के निर्देश दिए। इससे पॉलीटेक्निक कॉलेज की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों के वार्षिक स्थानांतरण समय पर करने पर जोर दिया। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर अन्य विभागों में प्रतिनियुक्ति और संबद्धीकरण पर तैनात कर्मचारियों को वापस उनके मूल पदों पर भेजने के निर्देश भी जारी किए।

बैठक में अपर सचिव तकनीकी शिक्षा मनुज गोयल, एनआईटी श्रीनगर के डीन प्रो. विवेक श्रीवास्तव, निदेशक तकनीकी शिक्षा देशराज सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.