‘डोनाल्ड ट्रंप’ नाम के भैंसे ने मचाया तहलका, हेयरस्टाइल देख लोग रह गए हैरान

बांग्लादेश में बकरीद की तैयारियों के बीच एक अनोखा भैंसा सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा का विषय बना हुआ है। इस भैंसे का नाम ‘डोनाल्ड ट्रंप’ रखा गया है और इसकी वजह है उसका खास हेयरस्टाइल, जो लोगों को अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump की याद दिला रहा है। सुनहरे और आगे की ओर झुके हुए बालों वाले इस भैंसे की तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

करीब 1500 पाउंड वजनी यह भैंसा ढाका के पास रहने वाले किसान जिया उद्दीन मृधा के फार्म में पाला गया है। मालिक के मुताबिक, उसके भाई ने मजाक में इस भैंसे का नाम डोनाल्ड ट्रंप रख दिया था, लेकिन बाद में यही नाम उसकी पहचान बन गया। लोग दूर-दूर से सिर्फ इस भैंसे को देखने फार्म पर पहुंचने लगे। कई लोगों का कहना है कि इसका चेहरा और हेयरस्टाइल काफी हद तक डोनाल्ड ट्रंप से मिलता-जुलता दिखाई देता है।

सोशल मीडिया पर इसकी लोकप्रियता इतनी बढ़ गई कि ईरान ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसे लेकर मजाकिया पोस्ट किया। पोस्ट में कहा गया कि ट्रंप से तुलना होने के बाद यह बांग्लादेशी भैंसा परेशान हो गया है। हालांकि इंटरनेट पर मशहूर हो चुका यह भैंसा अब ज्यादा समय तक लोगों के बीच नहीं रहेगा, क्योंकि ईद-उल-अजहा पर इसकी कुर्बानी दी जाएगी।

मालिक जिया उद्दीन ने बताया कि पिछले एक साल से वह खुद इसकी देखभाल कर रहे हैं और उससे उनका भावनात्मक लगाव भी हो गया है। इसके बावजूद उन्होंने कहा कि कुर्बानी ही ईद-उल-अजहा की असली भावना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह भैंसा पहले ही बिक चुका है और इसकी कीमत करीब 3.5 से 3.85 लाख टका यानी भारतीय मुद्रा में लगभग 2.5 से 3 लाख रुपए बताई जा रही है।

दिलचस्प बात यह है कि इस फार्म में कई अन्य जानवर भी अनोखे नामों से मशहूर हैं। इनमें ‘नेमार’, ‘फैट बॉय’, ‘स्वीट बॉय’ और ‘नेतन्याहू’ जैसे नाम शामिल हैं, जिनकी वजह से पूरा फार्म सोशल मीडिया पर चर्चा में बना हुआ है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.