‘क्यालु-हिम तेंदुआ’ बना नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन का शुभंकर, धामी ने किया अनावरण

पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 के काउंटडाउन रन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के आधिकारिक शुभंकर “क्यालु-हिम तेंदुआ” का भी अनावरण किया। मशाल प्रज्ज्वलित कर उन्होंने प्रतीकात्मक दौड़ में हिस्सा लिया और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

31 मई 2026 को आयोजित होने वाली इस विशेष अल्ट्रा रन प्रतियोगिता को लेकर देशभर में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों के अनुसार अब तक देश के 27 राज्यों और 2 देशों से 900 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। यह आयोजन उत्तराखंड की सीमांत नीति घाटी में आयोजित किया जाएगा, जिसे देश के सबसे चुनौतीपूर्ण और रोमांचक रनिंग ट्रैक में गिना जा रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में नई ऊर्जा, अवसर और विश्वास जगाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के युवाओं में साहस, आत्मविश्वास और देश के लिए कुछ बड़ा करने का जज्बा भरा हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज यहां गूंजते युवाओं के कदम आने वाले समय में नीति घाटी की ऊंचाइयों पर नया इतिहास रचेंगे।

उन्होंने कहा कि यह दौड़ केवल शारीरिक क्षमता की परीक्षा नहीं, बल्कि इच्छाशक्ति, धैर्य और मानसिक मजबूती को भी परखने का माध्यम बनेगी। नीति घाटी जैसे दुर्गम इलाके में दौड़ना आसान नहीं है और इसके लिए हिमालय जैसा अडिग विश्वास और चुनौतियों को स्वीकार करने का साहस जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को उत्तराखंड के साहस, पर्यटन और संस्कृति का ब्रांड एंबेसडर बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अब केवल प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिकता का प्रतीक नहीं, बल्कि तेजी से आगे बढ़ते नए भारत और नए उत्तराखंड की पहचान बन चुका है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.