बदरीनाथ धाम में दर्शन व्यवस्था सुधारने पर जोर, हेमंत द्विवेदी ने सुने हितधारकों के सुझाव

हेमंत द्विवेदी ने शुक्रवार को श्री बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन और पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने धाम में तीर्थ पुरोहितों, हकहकूकधारियों, व्यापार सभा, होटल एसोसिएशन और स्थानीय हितधारकों के साथ विस्तृत बैठक कर यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर संवाद स्थापित किया। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा और यात्रा प्रबंधन को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं को सरल और सुगम दर्शन कराना मंदिर समिति की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सभी सुझावों को गंभीरता से लिया जा रहा है और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने स्वयं धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

हेमंत द्विवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के मार्गदर्शन में चारधाम यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है। उन्होंने बताया कि यात्रा शुरू होने के एक महीने के भीतर ही पांच लाख से अधिक श्रद्धालु बदरीनाथ धाम और साढ़े सात लाख से अधिक श्रद्धालु केदारनाथ धाम के दर्शन कर चुके हैं। अब तक कुल साढ़े तेरह लाख से अधिक तीर्थयात्री दोनों धामों में दर्शन कर चुके हैं।

उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक व्यवस्थित एवं सुचारु बनाना आवश्यक है। इसके लिए प्रशासन, मंदिर समिति और स्थानीय हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों, तीर्थ पुरोहितों और होटल संचालकों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही चारधाम यात्रा सफलतापूर्वक संचालित हो रही है।

बैठक में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव और ज्ञापन सौंपे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.