अहमदाबाद एयरपोर्ट पर करोड़ों के सोने की चोरी, एयरलाइन स्टाफ निकला मास्टरमाइंड!

अहमदाबाद। अहमदाबाद एयरपोर्ट से करोड़ों रुपये के सोने की चोरी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एयरपोर्ट पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा करते हुए एयरलाइन कर्मचारियों, ज्वेलर्स और अन्य लोगों समेत कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 1.72 करोड़ रुपये का सोना और नकदी भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 18 अप्रैल को सीक्वल लॉजिस्टिक्स के जरिए लगभग 13 किलो वजन का एक कार्गो पार्सल अहमदाबाद से बेंगलुरु भेजा गया था। इस पार्सल में करीब 2.107 किलो सोने के आभूषण रखे गए थे, जिनकी कीमत लगभग 2.58 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह ज्वेलरी एक निजी कंपनी के लिए तैयार की गई थी। हालांकि अन्य सभी पार्सल सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंच गए, लेकिन सोने से भरा पार्सल रहस्यमय तरीके से गायब हो गया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश किया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बेहद सुनियोजित तरीके से फिल्मी अंदाज में चोरी को अंजाम दिया था। एयरलाइन के कुछ कर्मचारियों ने बोर्डिंग के बाद सोने से भरा बैग एक यात्री के सामान में रख दिया था। उस यात्री की टिकट पहले से ही योजना के तहत बुक कराई गई थी।

बेंगलुरु पहुंचने के बाद बैग वापस हासिल कर लिया गया और सोना दोबारा अहमदाबाद लाया गया। बाद में आरोपियों ने सोने को पिघलाकर अलग-अलग हिस्सों में बेचने की योजना बनाई। पुलिस का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क में एयरलाइन का क्लीनिंग और सिक्योरिटी स्टाफ, ज्वेलर्स और मुख्य साजिशकर्ता शामिल थे।

गिरफ्तार आरोपियों में सलाम मोहम्मद अंसारी, रोशनकुमार पटेल और अन्य आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने अब तक नकदी, सोने के बिस्किट और पिघले हुए सोने के टुकड़ों समेत कुल 1.72 करोड़ रुपये का मुद्देमाल जब्त किया है। हालांकि मामले में कुछ आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।

इस घटना ने एयरपोर्ट सुरक्षा और कार्गो हैंडलिंग सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.