इस्लामाबाद। Pakistan Air Force का एक जेएल-8 ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट बुधवार को पाकिस्तान के मियांवाली जिले के कमरमाशानी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि दुर्घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक विमान के क्रैश होने से पहले दोनों पायलट पैराशूट के जरिए सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा साझा किए गए वीडियो में विमान के जमीन से टकराने से कुछ क्षण पहले आसमान से पैराशूट नीचे आते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि पाकिस्तानी वायु सेना ने अभी तक पायलटों की स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि हादसे में जमीन पर किसी नागरिक को नुकसान पहुंचा है या नहीं।
दुर्घटनाग्रस्त हुआ जेएल-8 ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट चीन निर्मित विमान है, जिसका उपयोग प्रशिक्षण मिशनों के लिए किया जाता है। यह हादसा मियांवाली स्थित पीएएफ बेस एम एम आलम के पास हुआ, जिसे पाकिस्तान वायु सेना का प्रमुख प्रशिक्षण केंद्र माना जाता है। यह इलाका पहले भी कई सैन्य विमान दुर्घटनाओं का गवाह रह चुका है।
गौरतलब है कि जनवरी 2020 में इसी क्षेत्र में एक एफटी-7 ट्रेनिंग विमान नियमित मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें दोनों पायलटों की मौत हो गई थी। रिपोर्टों के अनुसार पिछले 18 वर्षों में कम से कम 14 एफटी-7 और उससे जुड़े संस्करण हादसों का शिकार हो चुके हैं। इसके अलावा अगस्त 2017 में भी मियांवाली के पास एक एफ-7 लड़ाकू विमान तकनीकी खराबी के कारण क्रैश हुआ था, जिसमें विंग कमांडर मोहम्मद शहजाद की जान चली गई थी।
विशेषज्ञों का मानना है कि पाकिस्तान के पुराने सैन्य विमानों और ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट में लगातार सामने आ रही तकनीकी खामियां सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। हाल के वर्षों में पाकिस्तान में कई सैन्य विमान हादसे हो चुके हैं, जिनमें 2020 में इस्लामाबाद में एफ-16 विमान का क्रैश होना भी शामिल है।