राजकीय शोक के बीच DIT यूनिवर्सिटी में हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रम, पुलिस ने दर्ज किया केस

DIT University के प्रबंधन के खिलाफ सरकारी आदेशों की अवहेलना करने के आरोप में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मामला उस समय सामने आया जब उत्तराखंड सरकार द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी के निधन पर राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया था। इस दौरान सभी शैक्षणिक संस्थानों में सांस्कृतिक और मनोरंजन कार्यक्रमों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया था।

जानकारी के अनुसार, निदेशक माध्यमिक शिक्षा उत्तराखंड की ओर से 19 मई 2026 को सभी शिक्षण संस्थानों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए थे कि राजकीय शोक अवधि के दौरान किसी भी प्रकार के मनोरंजन अथवा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे। इसके बावजूद देहरादून के राजपुर क्षेत्र स्थित DIT यूनिवर्सिटी परिसर में 19 मई की शाम एक सांस्कृतिक एवं मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने इसे सरकारी आदेशों की अवहेलना मानते हुए कार्रवाई शुरू कर दी। थाना राजपुर पुलिस ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत अभियोग दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है और संबंधित पक्षों से पूछताछ भी की जाएगी।

इस घटना के बाद शैक्षणिक संस्थानों में सरकारी आदेशों के पालन को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राजकीय शोक के दौरान जारी निर्देशों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं स्थानीय स्तर पर भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि सरकारी आदेशों की गंभीरता बनी रहे और सभी संस्थान नियमों का पालन सुनिश्चित करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.