हिमाचल के छोटे गांव में उठा विश्व शांति का बड़ा संदेश, पत्रकारों ने लिया खास संकल्प

हिमाचल प्रदेश की धौलाधार पर्वत श्रृंखलाओं की गोद में बसे पुन्नर गांव में आयोजित एक विशेष मीडिया सेमिनार ने विश्व शांति और सकारात्मक पत्रकारिता को लेकर नई चर्चा छेड़ दी। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के मीडिया विंग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर से आए मीडिया प्रतिनिधियों, पत्रकारों और ब्रह्माकुमारीज सदस्यों ने भाग लिया। सेमिनार का मुख्य उद्देश्य मीडिया के माध्यम से विश्व में शांति, सद्भावना और मूल्यनिष्ठ पत्रकारिता को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम में डॉ शांतनु भाई ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज को दिशा देने की शक्ति रखता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मूल्य आधारित पत्रकारिता ही समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती है। वहीं डॉ प्रो मानसिंह परमार ने कहा कि मीडिया केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को दृष्टिकोण देने वाली शक्ति भी है। उन्होंने पत्रकारों से सकारात्मक और संतुलित पत्रकारिता को अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस डीआईजी खुशहाल शर्मा ने वर्तमान समय को अशांति का दौर बताते हुए कहा कि पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने में अहम भूमिका निभा सकती है। उन्होंने पत्रकारों को समाज की आंख और कान बताते हुए उनकी जिम्मेदारी को महत्वपूर्ण बताया।

सेमिनार में वक्ताओं ने मीडिया की विश्वसनीयता, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों पर विशेष जोर दिया। रायपुर से आईं प्रियंका कौशल ने कहा कि पत्रकारों का आचरण ऐसा होना चाहिए जिससे समाज का विश्वास मजबूत हो। वहीं मधुकर द्विवेदी ने पत्रकारों को निष्पक्ष, निर्भीक और लोकमंगल के लिए समर्पित रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका सुनीता दीदी ने राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से शांति का अनुभव कराया। सेमिनार ने यह संदेश दिया कि यदि मीडिया सकारात्मक सोच और नैतिक मूल्यों के साथ कार्य करे तो समाज में शांति और सद्भावना स्थापित की जा सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.