Jr. NTR की टीम ने अभिनेता के नाम पर चलाए जा रहे कथित चैरिटी अभियानों को लेकर बड़ा बयान जारी किया है। टीम ने साफ तौर पर कहा है कि जूनियर एनटीआर का ऐसे किसी भी सोशल कैंपेन या फंडरेजिंग गतिविधि से कोई संबंध नहीं है। साथ ही फैंस और आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
अभिनेता की टीम के मुताबिक हाल के दिनों में कुछ फैन ग्रुप्स और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म जूनियर एनटीआर के नाम और लोकप्रियता का इस्तेमाल कर लोगों से पैसे जुटा रहे हैं। टीम ने कहा कि इन अभियानों को देखकर कई लोग भ्रमित हो सकते हैं, इसलिए जरूरी है कि किसी भी तरह की आर्थिक मदद करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल की जाए।
जारी बयान में स्पष्ट किया गया कि अभिनेता ने किसी व्यक्ति, संस्था या संगठन को उनके नाम पर चैरिटी अभियान चलाने की अनुमति नहीं दी है। टीम ने कहा कि जूनियर एनटीआर से जुड़ी हर आधिकारिक जानकारी केवल उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स या उनके कार्यालय के माध्यम से ही साझा की जाती है। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति अभिनेता का नाम लेकर पैसे मांगता है, तो उस पर भरोसा नहीं करना चाहिए।
टीम ने यह भी कहा कि जूनियर एनटीआर हमेशा अपने प्रशंसकों के प्यार और समर्थन की सराहना करते हैं, लेकिन उनकी छवि का गलत इस्तेमाल किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। लोगों से अपील की गई है कि वे ऐसे फर्जी अभियानों से दूर रहें और दूसरों को भी जागरूक करें, ताकि कोई धोखाधड़ी का शिकार न हो।
इधर, जूनियर एनटीआर अपनी आगामी फिल्मों को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। खासकर निर्देशक Prashanth Neel के साथ उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘एनटीआरनील’ को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार चर्चाएं तेज हैं और दर्शक इसके आधिकारिक अपडेट का इंतजार कर रहे हैं।