4 साल बाद टूटी मौनी रॉय की शादी, पति सूरज नांबियार संग अलग होने का किया ऐलान

टीवी और बॉलीवुड अभिनेत्री Mouni Roy ने अपने पति Suraj Nambiar से अलग होने की खबरों पर आखिरकार चुप्पी तोड़ दी है। शादी के करीब चार साल बाद दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर उनके रिश्ते को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही थीं, जिसके बाद अब कपल ने संयुक्त बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट कर दी है।

सोशल मीडिया पर साझा किए गए बयान में मौनी और सूरज ने कहा कि उनके निजी जीवन को लेकर मीडिया और सोशल मीडिया पर अनावश्यक चर्चा की जा रही है, जिससे वे काफी निराश हैं। दोनों ने स्पष्ट किया कि यह फैसला पूरी तरह आपसी सम्मान और समझ के साथ लिया गया है। उन्होंने कहा कि बदलती प्राथमिकताओं और जीवन के अलग नजरिए को ध्यान में रखते हुए वे अलग रास्तों पर आगे बढ़ने का निर्णय ले रहे हैं।

मौनी रॉय ने लोगों और मीडिया से अपील की कि उनके रिश्ते को लेकर झूठी कहानियां और अफवाहें न फैलाई जाएं। उन्होंने कहा कि यह उनके जीवन का बेहद निजी और संवेदनशील दौर है, इसलिए उनकी निजता का सम्मान किया जाए। अभिनेत्री ने यह भी उम्मीद जताई कि भविष्य में उनके और सूरज के बीच दोस्ताना रिश्ता बना रहेगा।

गौरतलब है कि मौनी रॉय और सूरज नांबियार ने साल 2022 में गोवा में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शादी की थी। उनकी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं और दोनों को इंडस्ट्री के चर्चित कपल्स में गिना जाता था। हाल ही में दोनों के एक-दूसरे को सोशल मीडिया पर अनफॉलो करने के बाद अलगाव की खबरों ने जोर पकड़ा था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.