देहरादून में जाम से छुटकारा? 60 करोड़ की अंडरग्राउंड पार्किंग योजना का बड़ा प्लान

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बढ़ते ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए राज्य सरकार ने एक अहम कदम उठाया है। परेड ग्राउंड और गांधी पार्क के बीच अंडरग्राउंड पार्किंग बनाने की योजना पर काम तेज कर दिया गया है। इस परियोजना का उद्देश्य शहर के प्रमुख मार्गों पर लगने वाले जाम को कम करना और व्यवस्थित पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराना है।

06 मई 2026 को सचिवालय में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में इस परियोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया। बैठक की अध्यक्षता आवास विभाग के सचिव ने की, जिसमें लोक निर्माण विभाग और स्मार्ट सिटी परियोजना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। अधिकारियों ने पीपीटी के माध्यम से परियोजना के तकनीकी और वित्तीय पहलुओं की जानकारी दी।

प्रस्ताव के अनुसार, लगभग 6500 वर्गमीटर क्षेत्र में जी-1 स्तर की अंडरग्राउंड पार्किंग विकसित की जाएगी, जिसकी अनुमानित लागत करीब 60 करोड़ रुपये होगी। इस पार्किंग में करीब 390 वाहनों को खड़ा करने की क्षमता होगी। इससे राजपुर रोड, ऐस्ले हॉल, सचिवालय के सुभाष रोड और लैंसडाउन चौक जैसे व्यस्त इलाकों में सड़क किनारे खड़े वाहनों की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य के दौरान शहर की ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित न हो। इसके लिए परिवहन विभाग, ट्रैफिक पुलिस और एमडीडीए के साथ मिलकर एक विस्तृत ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार किया जाएगा।

इसके अलावा, परियोजना को अंतिम रूप देने से पहले विभिन्न औपचारिकताओं को पूरा करना आवश्यक होगा। संबंधित भूमि के लिए खेल विभाग और नगर निगम से एनओसी ली जाएगी। साथ ही, पार्किंग शुल्क और इनफोर्समेंट प्लान को भी अन्य पार्किंग स्थलों के अनुरूप तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकार को उम्मीद है कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद देहरादून के ट्रैफिक दबाव में काफी हद तक कमी आएगी और शहरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.