धामी सरकार का बड़ा ऐलान: 4.42 करोड़ की विकास योजनाओं को मिली मंजूरी

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जिलों में विकास कार्यों को गति देने के लिए 4.42 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। यह राशि चम्पावत, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जनपदों में प्रस्तावित योजनाओं के लिए जारी की गई है।

मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत योजनाओं का कार्य शीघ्रता और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को समय पर लाभ मिल सके।

चम्पावत जिले के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में “भिंगराड़ा मंदिर सील के सौंदर्यीकरण” कार्य के लिए पूर्व स्वीकृत राशि में से शेष 29.70 लाख रुपये जारी करने की मंजूरी दी गई है। इसके अलावा “कंकराली टनकपुर से मां पूर्णागिरी धाम तक यात्रा मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने” की परियोजना के लिए भी 2 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

वहीं, उत्तरकाशी जिले के पुरोला क्षेत्र में स्थित श्री सोमेश्वर महादेव मंदिर परिसर के समतलीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत 1.43 करोड़ रुपये में से शेष राशि का 60 प्रतिशत, यानी 80.06 लाख रुपये जारी करने को मंजूरी दी गई है।

इसके अतिरिक्त, पिथौरागढ़ जिले में “एक जनपद-एक नदी” योजना के तहत गुरघटिया नदी के पुनर्जीवन के लिए भी अहम कदम उठाया गया है। इस परियोजना की कुल लागत 6.59 करोड़ रुपये आंकी गई है, जिसमें पहले चरण के तहत 1.32 करोड़ रुपये की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति दी गई है।

सरकार का मानना है कि इन योजनाओं के लागू होने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.