दिल्ली-NCR में बड़ा एक्शन! 61 जगहों पर प्रदूषण नियम तोड़ने वालों पर सख्ती

नई दिल्ली,  राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए अब सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने हाल ही में किए गए औचक निरीक्षणों में 61 स्थानों पर नियमों के उल्लंघन पाए जाने के बाद कड़ी कार्रवाई की है।

आयोग द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, 11 अप्रैल से 28 अप्रैल के बीच 18 दिनों तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 174 स्थानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 26 निर्माण एवं विध्वंस स्थल, 40 औद्योगिक इकाइयां और 108 डीजल जनरेटर (DG) सेट शामिल थे। जांच में सामने आया कि 61 मामलों में नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था।

उल्लंघनों में 12 निर्माण और विध्वंस साइट्स, 8 औद्योगिक इकाइयां और 41 डीजी सेट शामिल हैं। इन मामलों में आयोग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 6 इकाइयों या परियोजनाओं को बंद करने का आदेश दिया है। साथ ही 31 डीजी सेट को सील किया गया है। इसके अलावा 6 मामलों में शो-कॉज नोटिस जारी किए गए हैं और 11 मामलों में पर्यावरण मुआवजा लगाने का प्रस्ताव रखा गया है।

एक गंभीर मामले में आयोग ने संबंधित पक्ष के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की सिफारिश भी की है। वहीं कुछ मामलों को आगे की जांच के लिए केंद्रीय और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को सौंपा गया है।

बैठक में यह भी तय किया गया कि निर्माण कार्यों, औद्योगिक प्रदूषण, डीजल जनरेटर और सड़कों की धूल जैसे प्रमुख कारणों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

आंकड़ों के अनुसार, अब तक कुल 27,000 से अधिक इकाइयों और परियोजनाओं का निरीक्षण किया जा चुका है। इनमें से 1,779 मामलों में क्लोजर आदेश जारी हुए, जबकि नियमों का पालन करने पर 1,365 इकाइयों को फिर से संचालन की अनुमति दी गई है।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए सख्ती, पारदर्शिता और जवाबदेही बेहद जरूरी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.