“2027 में कांग्रेस का सूपड़ा साफ!”—महिला वोट पर BJP का बड़ा दावा

देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में महिला सशक्तिकरण को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश की महिलाओं ने अब “नारी विरोधी राजनीति” को जवाब देना शुरू कर दिया है।

उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने वाली पार्टियों को जनता लगातार नकार रही है। उनके अनुसार, इसकी शुरुआत पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों के हालिया चुनाव परिणामों से हो चुकी है, जहां महिलाओं ने निर्णायक भूमिका निभाई।

भट्ट ने दावा किया कि अब उत्तराखंड में भी महिला मतदाता कांग्रेस के खिलाफ खड़े होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं कांग्रेस के “महिला विरोधी चरित्र” को समझ चुकी हैं और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में उसे करारा जवाब देंगी।

उन्होंने आगे कहा कि महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने हमेशा बाधा डालने का काम किया है, जिससे समाज में गलत संदेश गया है। इसके विपरीत, भाजपा महिलाओं के अधिकारों और सम्मान को लेकर लगातार काम कर रही है।

भट्ट ने विश्वास जताया कि देवभूमि की जागरूक मातृशक्ति इस बार निर्णायक भूमिका निभाएगी और कांग्रेस को सत्ता से पूरी तरह बाहर कर देगी। उन्होंने कहा कि हालिया चुनावी रुझानों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि मतदाता अब विकास, सुरक्षा और महिला सम्मान जैसे मुद्दों को प्राथमिकता दे रहे हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले चुनावों में महिला वोट बैंक अहम भूमिका निभा सकता है, जिससे उत्तराखंड की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.