धन सिंह रावत ने जारी किया बोर्ड रिजल्ट: हाईस्कूल 92.10% और इंटर 85.11%, जानें किसने मारी बाजी

देहरादून। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। धन सिंह रावत ने रामनगर स्थित परिषद सभागार में औपचारिक रूप से रिजल्ट जारी किया। इस वर्ष इंटरमीडिएट का कुल परीक्षा परिणाम 85.11 प्रतिशत जबकि हाईस्कूल का परिणाम 92.10 प्रतिशत दर्ज किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर प्रदर्शन को दर्शाता है।

रिजल्ट जारी करते हुए शिक्षा मंत्री ने मेधावी छात्रों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता सभी के सामूहिक प्रयास, अनुशासन और कठिन परिश्रम का परिणाम है। मंत्री ने बताया कि इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 1,02,986 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जिनमें से 1,00,452 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए और 85,499 छात्र सफल रहे। इस परीक्षा में बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.09 रहा, जबकि बालकों का प्रतिशत 81.93 दर्ज किया गया।

हाईस्कूल परीक्षा में कुल 1,12,266 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,08,983 परीक्षा में शामिल हुए और 1,00,373 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए। इस वर्ग में भी बालिकाओं ने बेहतर प्रदर्शन किया, जहां उनका उत्तीर्ण प्रतिशत 96.07 रहा, जबकि बालकों का 88.03 प्रतिशत रहा। शिक्षा मंत्री ने बताया कि इंटरमीडिएट का परिणाम पिछले वर्ष से 1.88 प्रतिशत और हाईस्कूल का परिणाम 1.33 प्रतिशत अधिक रहा है।

टॉपर्स की बात करें तो इंटरमीडिएट में सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, बागेश्वर की गीतिका पंत और भंजूराम अमर इंटर कॉलेज, ऊधमसिंह नगर की सुशीला मेंहदीरत्ता ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, ऋषिकेश के आर्यन ने 97.80 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान और हरिद्वार की वंशिका ने 97 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।

हाईस्कूल में एम.पी. हिंदू इंटर कॉलेज, रामनगर के अक्षत गोपाल ने 98.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप किया। दूसरे स्थान पर इशांत कोठारी (उत्तरकाशी) और भूमिका (नैनीताल) ने संयुक्त रूप से 98 प्रतिशत अंक हासिल किए। तीसरे स्थान पर बागेश्वर के योगेश जोशी ने 97.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।

जिलेवार प्रदर्शन में बागेश्वर जनपद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंटरमीडिएट में 94.84 प्रतिशत और हाईस्कूल में 96.98 प्रतिशत परिणाम के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि वहां के शिक्षकों और विद्यार्थियों की मेहनत को दर्शाती है।

शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने टॉपर्स से फोन पर बातचीत कर उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके साथ ही उन्होंने हाईस्कूल टॉपर अक्षत गोपाल के घर पहुंचकर उन्हें व्यक्तिगत रूप से सम्मानित किया और मिठाई खिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि अक्षत की सफलता सभी छात्रों के लिए प्रेरणा है।

इस अवसर पर विधायक दिवान सिंह बिष्ट, माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती, परिषद सचिव विनोद कुमार सेमल्टी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा परिषद ने परीक्षाफल सुधार परीक्षा-2025 के द्वितीय वर्ष के परिणाम भी घोषित किए। हाईस्कूल सुधार परीक्षा का परिणाम 68.67 प्रतिशत रहा, जबकि इंटरमीडिएट सुधार परीक्षा का परिणाम 66.27 प्रतिशत दर्ज किया गया।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि लगातार बेहतर हो रहे परीक्षा परिणाम यह दर्शाते हैं कि राज्य में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हो रहा है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे इसी तरह मेहनत करते रहें और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए समर्पित रहें।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.