देहरादून। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद पुष्कर सिंह धामी ने सफल विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छात्रों के निरंतर परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि विद्यार्थी इसी आत्मविश्वास और लगन के साथ आगे बढ़ते हुए अपने सपनों को साकार करेंगे और जीवन में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे।
साथ ही, उन्होंने उन छात्रों को भी संदेश दिया जिन्हें अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यार्थी निराश न हों, बल्कि धैर्य और सकारात्मक सोच के साथ लगातार प्रयास करते रहें। सफलता निश्चित रूप से मिलेगी। मुख्यमंत्री ने सफल छात्रों के अभिभावकों को भी बधाई देते हुए उनके सहयोग की सराहना की।