Dehradun। देहरादून पुलिस ने चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया 55 इंच का स्मार्ट टीवी और एक स्कूटी भी बरामद की है। यह कार्रवाई जनपद में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत की गई।
मामले के अनुसार, पटेलनगर क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज मेहूंवाला के प्रधानाचार्य ने शिकायत दर्ज कराई थी कि स्कूल से एक 55 इंच का एलईडी स्मार्ट टीवी चोरी हो गया है। वहीं, बसंत विहार क्षेत्र के निवासी ने अपनी स्कूटी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जो सीजे प्लाजा की पार्किंग से गायब हुई थी।
इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली पटेलनगर और थाना बसंत विहार की पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की पहचान के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सफलता मिली। पटेलनगर क्षेत्र में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने फहीम अहमद और नितेश चौहान को चंद्रमणि आर्मी ग्राउंड के पास से गिरफ्तार किया। उनके पास से चोरी किया गया स्मार्ट टीवी बरामद हुआ। वहीं, बसंत विहार क्षेत्र की स्कूटी चोरी के मामले में आरोपी मनोज वर्मा को हरबंसवाला टी स्टेट के खंडहर के पास से गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से चोरी की गई स्कूटी बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध पर नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।