Ludhiana (ईएमएस)। पंजाब की राजनीति में शुक्रवार सुबह उस समय हलचल मच गई, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीमों ने कैबिनेट मंत्री Sanjeev Arora के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। लुधियाना स्थित उनके आवास समेत कई अन्य स्थानों पर की गई इस कार्रवाई से सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों के अनुसार, सुबह तड़के ही ईडी के अधिकारी लुधियाना पहुंचे और मंत्री की कोठी को चारों ओर से घेर लिया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मौके पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों की भारी तैनाती की गई है, ताकि जांच के दौरान किसी भी तरह की बाधा उत्पन्न न हो सके।
बताया जा रहा है कि यह छापेमारी मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक पुराने मामले और जमीन के सौदों में कथित अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में की जा रही है। ईडी की टीमें आवास के अंदर मौजूद दस्तावेजों की गहन जांच कर रही हैं और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।
हालांकि, इस पूरे मामले को लेकर अब तक ईडी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि आने वाले समय में इस कार्रवाई से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
इस घटनाक्रम के बाद शहर और प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। गौरतलब है कि हाल ही में Ashok Mittal से जुड़े करीब 10 ठिकानों पर भी ईडी ने छापेमारी की थी, जिसमें जालंधर, कपूरथला और गुरुग्राम जैसे शहर शामिल थे।
फिलहाल, ईडी की यह कार्रवाई पंजाब की सियासत में एक बड़ा मुद्दा बन गई है और सभी की नजरें अब जांच के नतीजों पर टिकी हुई हैं।