AI से आसान होगी कानून की समझ, आम लोगों के लिए लॉन्च होगा खास ऐप

देहरादून।  आमजन को सरल और सुलभ कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय द्वारा विकसित ‘विधि सहयोगी’ मोबाइल एप जल्द ही लोगों के लिए उपलब्ध होगा। इस एप का प्रस्तुतीकरण राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) के समक्ष किया गया।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि ‘विधि सहयोगी’ एक एआई आधारित मोबाइल एप है, जिसे विशेष रूप से आम नागरिकों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य लोगों को सरल भाषा में कानूनी जानकारी प्रदान करना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और विधिक सहायता तक उनकी पहुंच को आसान बनाना है।

इस एप के माध्यम से उपयोगकर्ता विभिन्न कानूनी विषयों से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही उन्हें अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे अपने अधिकारों और कानून की मूलभूत समझ विकसित कर सकें। जरूरत पड़ने पर उपयोगकर्ता एप के जरिए अधिवक्ताओं से संपर्क कर सलाह भी ले सकेंगे।

प्रस्तुतीकरण के दौरान यह भी बताया गया कि भविष्य में इस एप को और उन्नत बनाया जाएगा। इसमें ऑनलाइन कानूनी परामर्श, केस ट्रैकिंग, दस्तावेज प्रबंधन और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी। वर्तमान में इस पर कार्य प्रगति पर है और इसे जल्द ही लॉन्च करने की तैयारी की जा रही है।

राज्यपाल ने इस नवाचार की सराहना करते हुए एप को विकसित करने वाली टीम और विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की तकनीकी पहल समाज में विधिक जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाती हैं।

यह पहल डिजिटल युग में न्याय तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.