अप्रैल में लौटी सर्दी! रानीखेत की चोटियों पर सीजन का तीसरा हिमपात

रानीखेत। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पर्यटक स्थल रानीखेत और आसपास के इलाकों में पिछले दो दिनों से लगातार मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। आमतौर पर होली के बाद जहां गर्मी का असर शुरू हो जाता है, वहीं इस बार अप्रैल में हो रही बारिश और बर्फबारी ने ठंड का एहसास फिर से बढ़ा दिया है।

जिले की प्रमुख ऊंची चोटियों भटकोट और पांडवखोली में इस सीजन का तीसरा हिमपात दर्ज किया गया है। हालांकि, बारिश के साथ हो रही बर्फबारी ज्यादा देर तक टिक नहीं पा रही है, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे मौसम काफी ठंडा हो गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के चलते पर्यटकों के लिए भी यह मौसम आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

मौसम के इस बदले रुख का असर जनजीवन पर भी पड़ा है। लोग एक बार फिर गर्म कपड़ों का सहारा लेने को मजबूर हो गए हैं। वहीं, किसानों के लिए यह मौसम मिश्रित असर लेकर आया है, क्योंकि लगातार बारिश से कुछ फसलों को नुकसान की आशंका भी जताई जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी हल्की बारिश और ठंडी हवाओं का सिलसिला जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.