जनता दर्शन में उमड़ी भीड़! 100 से ज्यादा शिकायतें, डीएम ने खुद सुनी फरियाद

देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में एक बार फिर बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जिलाधिकारी सविन बंसल ने अपने कार्यालय कक्ष में लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले जनता दर्शन कार्यक्रम में इस बार 100 से अधिक मामलों पर सुनवाई की गई। हालांकि पूर्व निर्धारित बैठकों के कारण पहले 212 में से लगभग 120 शिकायतों का ही निस्तारण हो पाया था। इसके बावजूद जिलाधिकारी लगातार आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए रोजाना भी फरियादियों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनते हैं। आम दिनों में भी प्रतिदिन 40 से अधिक लोग अपनी शिकायत लेकर डीएम कार्यालय पहुंचते हैं।

आज के जनता दर्शन में कई संवेदनशील मामले सामने आए। संगतियावाला भानियावाला की निवासी दीपा ने अपनी चार वर्षीय बेटी के पालन-पोषण की जिम्मेदारी बताते हुए उज्ज्वला गैस कनेक्शन दिलाने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इससे पहले भी प्रशासन द्वारा दीपा की बेटी का स्कूल में दाखिला कराया जा चुका है।

वहीं उत्तरकाशी के पुरोला क्षेत्र से आई 70 वर्षीय मंजरी देवी ने भी अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा मानसिक रूप से बीमार है और पोती शारीरिक रूप से असहाय है, जिससे परिवार गंभीर कठिनाइयों का सामना कर रहा है।

जिलाधिकारी ने इन सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए और स्वयं निगरानी रखने की बात कही। प्रशासन की इस पहल से आमजन को राहत मिल रही है और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.