नई दिल्ली/देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकास प्रस्तावों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर परियोजना के लिए लगभग 325 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आगामी कुंभ 2027 को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना का विशेष महत्व है। उन्होंने पहले चरण में विद्युत लाइनों के भूमिगतकरण और सिस्टम के आधुनिकीकरण के लिए 325 करोड़ रुपये की मंजूरी जल्द देने का आग्रह किया। साथ ही दूसरे चरण के लिए लगभग 425 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत करने की मांग भी रखी।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने हरिद्वार और ऋषिकेश में घाटों के सौंदर्यीकरण, आवासीय सुविधाओं के विस्तार और शहरी अवसंरचना को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए मुख्यमंत्री ने रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) को मेरठ से हरिद्वार और ऋषिकेश तक विस्तारित करने का प्रस्ताव भी रखा। इसके साथ ही देहरादून-हरिद्वार-ऋषिकेश मेट्रो कॉरिडोर विकसित करने की मांग की, जिससे इन प्रमुख शहरों के बीच आवागमन आसान हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के लागू होने से सड़क यातायात पर दबाव कम होगा, जाम की समस्या में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही यह पहल प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों को आधुनिक परिवहन नेटवर्क से जोड़ते हुए पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगी।
