देहरादून। उत्तराखंड के पौड़ी जिले में गुलदार के हमले की एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पौड़ी के पोखड़ा विकासखंड अंतर्गत कोलागाड़ क्षेत्र के ग्राम तिमली के भतकोट गांव में गुलदार ने एक मासूम बच्चे को अपना शिकार बना लिया, जिससे गांव में भय और शोक का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गणेश गोदियाल अपने समर्थकों के साथ पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
इस दौरान गणेश गोदियाल ने सरकार और वन विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ते वन्यजीव हमलों को लेकर लंबे समय से चेतावनी दी जा रही थी, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने कहा कि सरकार की लापरवाही के कारण ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता में भय का माहौल बना हुआ है।
उन्होंने यह भी कहा कि कई परिवार इस तरह की घटनाओं में अपने प्रियजनों को खो चुके हैं, जिससे उन्हें अपूरणीय क्षति झेलनी पड़ रही है। इसके बावजूद हालात सुधारने के लिए प्रभावी प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
गोदियाल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही वन्यजीवों के बढ़ते आतंक पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने को मजबूर होगी। उन्होंने पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा देने और क्षेत्र में सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की।
इस मौके पर कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।