देहरादून में पुलिस का बड़ा एक्शन: 7 गिरफ्तार, 900 से ज्यादा लोगों से पूछताछ

देहरादून में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग और छापेमारी अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और ऋषिकेश के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों के ठिकानों पर अचानक दबिश दी।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 14 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग कर शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में प्रेमनगर से 4 और डालनवाला से 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस तरह कुल 7 व्यक्तियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

इसके अलावा डोईवाला क्षेत्र में चेकिंग के दौरान 3 लोगों को अवैध चरस और देशी शराब के साथ पकड़ा गया। यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 21 चालकों को गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज किए गए।

पुलिस ने 109 वाहन चालकों के चालान करते हुए 72,500 रुपये का जुर्माना वसूला, जबकि 163 मामलों को न्यायालय भेजा गया। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 48 और ओवरलोडिंग में 4 वाहनों को सीज किया गया।

देर रात तक चले इस अभियान में 900 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई, जिनमें से 99 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट में कार्रवाई करते हुए 24,750 रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही पीजी और हॉस्टल में सत्यापन न कराने वाले 9 प्रतिष्ठान संचालकों पर भी कार्रवाई करते हुए 90 हजार रुपये का जुर्माना किया गया।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि अपराध और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.